क्रांति मिशन ब्यूरो
देहरादून। कुमाऊं की आराध्य भगवती मां नंदा सुनंदा की प्राण-प्रतिष्ठा और विधिवत पूजन-अर्चना का भव्य आयोजन किया गया। कूर्मांचल सांस्कृतिक कल्याण परिषद, गढ़ी शाखा द्वारा माँ नन्दा-सुनन्दा महोत्सव का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की धर्मपत्नी गीता धामी भी मां का पूजन करने पहुंचीं। श्रीमती गीता धामी ने कहा – आस्था, परंपरा और संस्कृति का संगम बनेगा माँ नन्दा-सुनन्दा महोत्सव।माँ नन्दा-सुनन्दा कुमाऊँ की आराध्य देवियों के रूप में जनमानस की आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रमुख केंद्र हैं। आज राजा रानी के रूप में राजेंद्र सिंह बिष्ट व नंदी बिष्ट रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में सीएम धामी की धर्मपत्नी, सेवा संकल्प फाउंडेशन की अध्यक्ष श्रीमती गीता धामी रहीं। उन्होंने कहा इस तरह के कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन करना ही नहीं, बल्कि कुमाऊँ की लोकसंस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाने तथा समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूत करना भी है।
परिषद के अध्यक्ष कमल रजवार ने कहा कि माँ नन्दा-सुनन्दा महोत्सव कुमाऊँ की उस गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें श्रद्धा के साथ लोकगीत, लोकनृत्य, रीति-रिवाज और सामूहिक सहभागिता जुड़ी हुई है। महोत्सव के माध्यम से प्रवासी कुमाऊँनी समाज को अपनी जन्मभूमि और संस्कृति से जोड़ने का भी प्रयास किया जा रहा है।













