Advertisement

Big News : विजयदशमी उत्सव पर महानगर दक्षिण में 40 स्थानों पर हुआ पथ संचलन … पूर्ण गणवेश में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने किया प्रतिभाग, सभी स्थानों पर हुआ शस्त्र पूजन

क्रांति मिशन ब्यूरो

देहरादून। विजयदशमी उत्सव के पावन अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, महानगर दक्षिण, देहरादून के अंतर्गत महानगर के 40 स्थानों पर पथ संचलन कार्यक्रम आयोजित किए गए। महानगर कार्यवाह सतेन्द्र ने बताया इन कार्यक्रमों में लगभग 3,200 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में सहभागिता की। सभी स्थानों पर पथ संचलन के साथ शस्त्र पूजन भी संपन्न हुआ।

विजयदशमी का पर्व भारतीय संस्कृति में शक्ति, शौर्य, धर्म और विजय का प्रतीक है। संघ की परंपरा में इस उत्सव का विशेष महत्व है। शस्त्र पूजन के माध्यम से राष्ट्र, धर्म और समाज की रक्षा के प्रति कर्तव्यबोध का स्मरण किया जाता है, वहीं पथ संचलन स्वयंसेवकों के अनुशासन, एकात्मता और संगठन भाव का परिचायक है।

महानगर दक्षिण के विभिन्न स्थानों पर आयोजित पथ संचलन में स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित ढंग से सहभागिता करते हुए समाज में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। विजयदशमी के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा तथा राष्ट्रहित में संगठित होकर कार्य करने की प्रेरणा को अभिव्यक्त किया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य समाज को संगठित कर राष्ट्रजीवन में सेवा, संस्कार, अनुशासन और समर्पण के भाव को सुदृढ़ करना है। विजयदशमी उत्सव के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के लिए निरंतर कार्य करने की भावना को अभिव्यक्त किया।