Advertisement

Big News : गैरसैंण सत्र में होगा 7412 करोड़ का अनुपूरक बजट पेश … धामी कैबिनेट ने विभिन्न विभागीय प्रस्तावों पर महत्वपूर्ण निर्णय लिए

क्रांति मिशन ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई कैबिनेट बैठक में जनहित और राज्यहित में कई फैसले लिए गए। बैठक में 26 से ज्यादा प्रस्तावों पर मुहर लगी। विधानसभा के मानसून सत्र में पेश होने वाले अनुपूरक बजट को कैबिनेट ने मंजूरी दी।

सरकारी रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बजट की राशि करीब 7412 करोड़ रुपये है। बजट 27 और 28 अक्टूबर को गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित होने वाले दो दिवसीय सत्र में पेश किया जाएगा।

मंत्रिमंडल ने त्रिस्तरीय पंचायतों और नगर निकायों को मिलने वाले अनुदान से जुड़ी छठे राज्य वित्त आयोग की रिपोर्ट को भी सदन में पेश करने की मंजूरी दी है।

प्रशासनिक सुधारों के तहत कैबिनेट ने मंत्रिमंडल में ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने, योजना आयोग की नई नियमावली और सिंचाई विभाग को कार्य संस्था के रूप में कार्य करने की अनुमति देने जैसे फैसले लिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग में एक्स-रे टेक्निशियन पदों की भर्ती के लिए परीक्षा प्रक्रिया में बदलाव और स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए आउटसोर्स भर्ती के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई। नैनीताल और उधम सिंह नगर से जुड़े भूमि उपयोग के प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली है।

ग्रामीण क्षेत्रों में नया बिजनेस शुरू करने वालों को सभी जानकारियां एक ही जगह उपलब्ध कराने और शिक्षक तबादला नीति में पारदर्शिता लाने जैसे फैसलों पर भी सहमति बनी है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, धन सिंह रावत, गणेश जोशी, सौरभ बहुगुणा शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और राम सिंह कैड़ा बैठक में शामिल नहीं हो सके।