Advertisement

Big News : डीएम देहरादून का चार्ज संभालते ही एक्शन में आईएएस सविन बंसल, दून अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाएं परखने पहुंचे निजी वाहन से, आम जनता की तरह लाइन में लगकर बनवाया ओपीडी पर्चा, खामियां मिलने पर अफसरों से जताई कड़ी नाराजगी

भुवन उपाध्याय 

देहरादून। डीएम देहरादून का चार्ज संभालते ही एक्शन में आईएएस सविन बंसल। जिलाधिकारी सविन बंसल आज प्रातः निजी वाहन से पहुंचे जिला चिकित्सालय। आम नागरिक की भांति लाईन में लगकर बनवाया अपना ओपीडी पर्चा, जांची चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य व्यवस्थाएं। चिकित्सालय के अधिकारी कार्मिकों को इसकी भनक लगते ही चिकित्सालय में मचा हड़कंप। खामियां मिलने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक को समुचित व्यवस्था सुगम बनाने के दिए निर्देश।

जिलाधिकारी सविन बंसल आज प्रातः 09.30 बजे निजी वाहन से जिला चिकित्सालय कोरोनेशन पहुंचकर आम नागरिक की तरह लाईन पर लगते हुए अपना ओपीडी पर्चा बनाया तथा ओपीडी व्यवस्था को परखा। इसी तरह निरीक्षण करते हुए उन्होंने चिकित्सालय में आम जन मानस के लिए उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी जुटाई। जैसे ही चिकित्सालय परिवार को जिलाधिकारी के अस्पताल में होने की भनक लगी तो आनन-फानन में सभी सम्बन्धित अधिकारी 10 बजे के करीब चिकित्सालय में पहुंचे। सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने मानक के अनुरूप चिकित्सालय में सफाई व्यवस्था बनाये रखने तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अस्पताल में आने वाली मरीजों एवं तीमारदारों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो इस बात को गंभीरता से लेना सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय को निर्देश दिए कि चिकित्सालय में दवाई के कांउटर बढाए जाए एवं ओपीडी में चिकित्सकों के डिस्पले साईनेज इत्यादि व्यवस्थित रूप से रखने के निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि चिकित्सालय में सुविधा बढाई जाए तथा इसके लिए प्रस्ताव प्रस्तुत करें। उन्होंने चिकित्सालय में स्वच्छ पेयजल तथा शौचालय आदि में सफाई व्यवस्था बढाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने चिकित्सालय में उपलब्ध सभी व्यवस्थाओं, सुविधाओं का एक-एक कर निरीक्षण किया तथा वार्डो में भर्ती रोगियों के हॉल-चाल पूछा तथा उपलब्ध चिकित्सा सुविधा के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी निक्कू, सामान्य वार्ड, ओ.टी, डेंगू वार्ड, आईसीयू, इमरजेंसी, का निरीक्षण किया तथा वार्ड में भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों से वार्ता करते हुए उनका हाल चाल जाना। उन्होंने भर्ती रोगियों को भर्ती के समय, चिकित्सकों की उपस्थिति एवं औषधियां दिए जाने की जानकारी ली तथा मरीजों से पूछा चिकित्सक बाहर से दवाई तो नही लिख रहें, जिस भर्ती मरीजों एवं उनके तीमारदारों ने बताया कि बाहर से दवाई नही लिखी है।

जिलाधिकारी ने उपस्थित स्टाफ से उनकी समस्याएं भी जानी। ओटी निरीक्षण के दौरान उन्होंने आपरेशन थिएटर में उपकरणों की जानकारी लेते हुए, अतिरिक्त उपकरणों हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय को निर्देश दिए चिकित्सालय व्यवस्थाओं को निरंतर मॉनीटिरिंग करते हुए उसमें सुधार किये जाएं। चिकित्सालय में सभी सुविधाएं दुरूस्त की  जाएं। आशा हेल्पलाईन डेस्क पर नियमित रूप से कार्मिक की उपस्थिति बनाये रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन जय भारत सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संजय जैन, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक वीएस चौहान, सहायक निदेशक/जिला सूचना अधिकारी बी.सी नेगी, पीआरओ कोरोनेशन प्रमोद पंवार आदि उपस्थित रहे।