माँ नन्दा-सुनन्दा की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

  • जयकारों से गूंजा कौलागढ़,गढ़ी क्षेत्र, पारंपरिक संस्कृति और भक्ति के रंग में रंगा पूरा माहौल देखने को मिला

क्रांति मिशन ब्यूरो

देहरादून। माँ नन्दा-सुनन्दा की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब … जयकारों से गूंजा कौलागढ़,गढ़ी क्षेत्र, पारंपरिक संस्कृति और भक्ति के रंग में रंगा पूरा माहौल देखने को मिला। कूर्मांचल सांस्कृतिक कल्याण परिषद, गढ़ी शाखा के तत्वावधान में आयोजित माँ नन्दा-सुनन्दा महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को भव्य एवं आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा जिस मार्ग से गुजरी, वहां श्रद्धा और उत्साह का ऐसा वातावरण देखने को मिला कि पूरा क्षेत्र माँ नन्दा-सुनन्दा के जयकारों से गूंज उठा।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं, युवाओं, बच्चों एवं परिषद की विभिन्न शाखाओं से जुड़े पदाधिकारियों और सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सुसज्जित झांकी, धार्मिक ध्वज, जिनको निशाँण कहा जाता है, पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

माँ नन्दा-सुनन्दा की झांकी के दर्शन के लिए मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर माता का स्वागत किया और जयकारों के साथ अपनी आस्था प्रकट की। मां नंदा सुनंदा देवी के जयकारों के साथ मां के भजन ओर जगह जगह पर झोड़े चांचरी गाए गए । शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

माँ नन्दा-सुनन्दा के जयकारों और भक्ति भाव से सराबोर यह भव्य शोभायात्रा क्षेत्रवासियों के लिए यादगार बन गई। पहाड़ से आए मशकबीन, ढोल दमाऊ छोलियारो की टोली मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में  सौरभ थपलियाल, केंद्रीय कुर्मांचल अध्यक्ष कमल रजवार, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता हनी पाठक, प्रभा शाह, पार्षद देवकी नौटियाल, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसोनी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की धर्मपत्नी निर्मला जोशी, बबीता शाह लोहनी, पुष्पा बिष्ट, अभिनव थापर, नवीन जोशी, संग्राम सिंह पुंडीर, मोहन काला, सोनिया आनंद, पिया थापा, अमित रावत, मनमोहन सिंह बटकोरा आदि मां नंदा सुनंदा देवी के दर्शन हेतु आए।